Monday, September 16, 2013

संघ के वरिष्ठ प्रचारक निर्मल दा नहीं रहे

संघ के वरिष्ठ प्रचारक निर्मल दा नहीं रहे

Source: विश्व संवाद केंद्र पटना      Date: 16 Sep 2013 21:24:29
पटना, सितम्बर 16 : राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के वरिष्ठ प्रचारक निर्मल चंद्र डे (निर्मल दा) ने 14 सितंबर को अपनी अंतिम सांस ली। निर्मल दा गत 58 वर्षों से संघ के प्रचारक थे। नगर प्रचारक, तहसील प्रचारक, जिला प्रचारक एवं विभाग प्रचारक के विभिन्न दायित्वों का सफलतापूर्वक उन्होंने निर्वाहन किया। वर्तमान में आप गया संघ कार्यालय के प्रमुख थे।
14 सितंबर को प्रात: उन्हें ‘ब्रेन हेमरेज’ हुआ। चिकित्सा के लिए उन्हें तत्काल गया मेडिकल हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया। परंतु स्थिति की गंभीरता को देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें पीएमसीएच रेफर कर दिया। दिनभर उनकी स्थिति यथावत बनी रही और रात को नौ बजे उन्होंने अंतिम सांस ली।
निर्मल दा ने अपने प्रचारक जीवन की शुरुआत 1955 में कटिहार से की थी। बाद में उन्हें गिरीडी का जिला प्रचारक बनाया गया। 1987 से 1990 तक आपने हजारीबाग के विभाग प्रचारक के पद को सुशोभित किया। 1991 से 1995 तक रोहतास विभाग के विभाग प्रचारक रहे। 1995 से पटना के कार्यालय प्रमुख बनाये गये। बाद में संघ की आवश्यकता को समझकर आपको मुजफ्फरपुर का कार्यालय प्रमुख बनाया गया। गया में जब नया संघ कार्यालय बना तो उस समय से आपको गया कार्यालय का दायित्व मिला। 2010 में आप गया के कार्यालय प्रमुख घोषित किये गए।
गया हिंदुओं का एक प्रसिद्ध तीर्थ स्थल है। पूरे विश्‍व से लोग पिण्डदान करने यहां आते हैं। उन सबकी जरूरतों को ध्यान में रखकर उन्हें सही मार्गदर्शन कराने का दायित्व आपने सफलतापूर्वक निभाया। सौम्य व्यवहार, शांत चित्त एवं सख्त अनुशासन के लिए उनकी अलग पहचान थी।
निर्मल दा की अंतिम क्रिया गया में फलगू नदी के किनारे उनके भाई के दामाद ने किया। इस अवसर पर झारखंड भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष रवींद्र राय, बिहार सरकार के पूर्व मंत्री एवं स्थानीय विधायक प्रेम कुमार, स्थानीय सांसद हरि मांझी, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सहप्रांत प्रचारक राणा प्रताप सिंह, सह प्रांत संघचालक प्रो. सियाशरण शर्मा, प्रांत प्रचार प्रमुख राजेश कुमार पाण्डेय समेत कई गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।
... ... ...

No comments: