Thursday, March 14, 2013

जामडोली में संघ शक्ति का नजारा

जामडोली में संघ शक्ति का नजारा

जामडोली/जयपुर। जामडोली स्थित केशव विद्यापीठ में शुक्रवार से राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ की तीन दिवसीय अखिल भारतीय प्रतिनिधि सभा की बैठक शुरू हुई। बैठक में संघ के शीर्ष पदाधिकारियों के अलावा भाजपा की भी ब्रिगेड मौजूद रही।

संघ प्रमुख मोहन भागवत ने शुक्रवार सुबह दीप प्रज्वलन कर कार्यक्रम की विधिवत शुरूआत की। यहां देशभर से 1400 से अधिक प्रतिनिधि आए हैं,जो तीन दिन तक जामडोली में रहेंगे। इस मौके पर यहां प्रदर्शनी का भी आयोजन किया गया। इधर,संघ के कार्यकर्ता सुबह से ही सभा स्थल को तैयार करने के लिए जुटे रहे।

अखिल भारतीय प्रचार प्रमुख जे नंदकुमार और सर सह कार्यवाह दात्रेय होश बोले ने बताया कि बैठक में संघ की नीतियों का निर्घारण होगा। इसके अलावा पिछले साल के कार्यो की समीक्षा,गुणात्मक कार्य प्रगति की समीक्षा,वष्ाü के कार्यो की योजना,शाखा के कार्यो और समाज में गुणात्मक परिवर्तन पर चर्चा होगी। उन्होंने बताया कि तीन दिवसीय कार्यक्रम में हिंदू शरणार्थियों की स्थिति पर प्रस्ताव रखा जाएगा।

पर्यावरण को समर्पित

कार्यक्रम पर्यावरण को समर्पित है। मुख्य मंच के पीछे एक स्लोगन लिखा गया है,जिसमें पर्यावरण बचाने के लिए सिर कटाने की बात कही गई है। संघ अखिल भारतीय प्रतिनिधि सभा की बैठक में देशभर से आए 1493 प्रतिनिधि शामिल हुए हैं। इसमें चालीस महिला प्रतिनिधि भी हैं। इसमें भाजपा संगठन महामंत्री रामलाल,सह संगठन महामंत्री श्योदान सिंह,राष्ट्रीय अध्यक्ष राजनाथ सिंह शामिल हैं। फिलहाल यहां पर भाजपा के वरिष्ठ नेता लालकृष्ण आडवाणी और गुजरात के सीएम नरेंद्र मोदी के आने का कार्यक्रम तय नहीं है।

कड़ी सुरक्षा में विद्यापीठ

कार्यक्रम में सुरक्षा की कड़ी व्यवस्था है। कार्यक्रम में मुख्य मंच पर सर संघचालक मोहन भागवत के साथ सर कार्यवाह सुरेश जोशी बैठे। मंच के बांयी ओर हेडगेवार और गुरूगोलवलकर की तस्वीर तो सीधे हाथ पर भारत माता की तस्वीर लगाई गई है। मंच पर विवेकानंद का कट आउट भी लगाया गया है। इसके अलावा मुख्य स्थल पर प्रदर्शनी का आयोजन किया गया है,जिसमें विभिन्न संघ कार्यों का प्रदर्शन किया गया है। मुख्य गेट पर महाराजा सूरजमल और गोविंद गुरू की तस्वीर लगाई गई है।

No comments: