Wednesday, September 25, 2013

सीबीआइ के दुरुपयोग पर कांग्रेस को माफ नहीं करेगा देश: मोदी

भोपाल । वंदे मातरम की गूंज बुधवार को भोपाल में भी हुई। नरेंद्र मोदी के प्रधानमंत्री पद का उम्मीदवार बनने के बाद भाजपा का यह सबसे बड़ा 'पब्लिक शो' रहा। करीब पांच लाख लोगों की भीड़ के सामने भाजपा का शीर्ष नेतृत्व एक मंच पर था। मंच पर मौजूद लालकृष्ण आडवाणी शुरू में तो थोड़े खिंचे-खिंचे नजर आए लेकिन बाद में उन्होंने न केवल अच्छे भाषण के लिए मोदी की ओर हाथ बढ़ाकर उन्हें बधाई दी बल्कि मजबूती से साथ खड़े होने का एहसास दिलाते हुए गुजरात के मुख्यमंत्री संग हाथ ऊपर करके एकता का संदेश भी दिया।
मध्य प्रदेश में आसन्न चुनाव के मद्देनजर पार्टी अपनी लोकप्रियता और एकजुटता का संदेश सार्वजनिक करने में कामयाब रही। कार्यकर्ताओं के जनसमूह के समक्ष मोदी ने शिवराज सिंह चौहान के साथ केंद्र पर करारे प्रहार किए और एक बार फिर कांग्रेस मुक्त भारत का नारा बुलंद किया।
आपातकाल का हश्र न भूले कांग्रेस
कांग्रेस नेतृत्व वाली केंद्र सरकार पर सीबीआइ के दुरुपयोग का आरोप जड़ते हुए मोदी ने कहा, ऐसा लग रहा है कि आगामी लोकसभा चुनाव कांग्रेस नहीं बल्कि सीबीआइ लड़ेगी। लेकिन कांग्रेस को आपातकाल के बाद की स्थिति को भी याद रखना चाहिए तब देश की जनता ने कांग्रेस से चुन-चुनकर बदला लिया था।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर से ही कांग्रेस को उखाड़ फेंकने का आह्वान किया। महात्मा गांधी का उल्लेख करते हुए कहा कि वह कांग्रेस का खात्मा चाहते थे, भाजपा कार्यकर्ता राष्ट्रपिता का सपना पूरा करें। शिवराज सिंह सरकार की तारीफ करते हुए मोदी ने कहा भाजपा के पक्ष में देश भर में हवा बह रही है। मप्र, छत्तीसगढ़ और राजस्थान के विधानसभा चुनाव में भाजपा का जीतना तय है लेकिन इसके लिए कार्यकर्ताओं को पक्ष में बह रही इस हवा को मतपेटिकाओं तक पहुंचाना होगा।Narendra Modi
मप्र की जनता को आगाह करते हुए मोदी ने कहा कि अगर कहीं चूक रह गई तो दस साल से सत्ता की भूखी कांग्रेस उसका क्या हाल करेगी, इसकी कल्पना कांग्रेस सत्ताकाल को याद करके की जा सकती है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार भाजपा नेतृत्व वाले राज्यों से भेदभाव का व्यवहार करती है, उनकी योजनाओं में अड़ंगा लगाती है। बावजूद इसके भाजपा और राजग की सभी सरकारों ने अपने प्रदेश में विकास के नए प्रतिमान स्थापित किए हैं।
इस मौके पर मप्र के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कांग्रेस राज में हुए भ्रष्टाचार का उल्लेख करते हुए ए से लेकर जेड तक के शब्दों से शुरू होने वाले भ्रष्टाचार के मामलों के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि जल्द ही कांग्रेस की पाप की लंका जलकर खाक हो जाएगी।

No comments: