Monday, August 20, 2012

बेंगलुरु के बाद दूसरे शहरों से भी पूर्वोत्तर के लोगों का पलायन

बेंगलुरु के बाद दूसरे शहरों से भी पूर्वोत्तर के लोगों का पलायन

Source: VSK-BHOPAL Date: 8/18/2012 2:33:39 PM

$img_titleनई दिल्ली, 18 अगस्त 2012 : अपने ऊपर हमले की आशंका से डरे पूर्वोत्तर के लोगों का पलायन रुकने के बजाय बढ़ता ही जा रहा है। बेंगलुरु और हैदराबाद के बाद अब पूर्वोत्तर के लोग मुंबई, पुणे, चेन्नै समेत देश के कई हिस्सों से भाग रहे हैं। केंद्र और राज्य के नेताओं के अलावा स्थानीय प्रशासन की अपीलों के बावजूद पूर्वोत्तर के लोगों के मन में बैठा डर निकल नहीं पा रहा है।
दरअसल, यहां पर रहनेवाले नॉर्थ ईस्ट के लोगों को अनजान एसएमएस आ रहे हैं जिसमें असम में हुए दंगों के विरोध में उनपर हमला करने की धमकी दी जा रही है। इससे ये लोग काफी डरे हुए हैं और शहर छोड़ कर जा रहे हैं। आईटी सिटी में पढ़ने आए नॉर्थ ईस्ट के एक स्टूडेंट ने कहा, 'हमारे परिजन हमें अपने घर वापस आने के लिए बुला रहे हैं। उनका कहना है कि आप बेंगलुरु में सुरक्षित नहीं हैं।'
खबर थी कि असम में हुई जातीय हिंसा का बदला लेने के लिए 20 अगस्त को ईद-उल-फितर के बाद पूर्वोत्तर क्षेत्र के लोगों पर हमले किए जाएंगे। इस खबर से वहां के लोगों में दहशत फैल गई। गृह मंत्रालय का प्रभार संभालने वाले उप मुख्यमंत्री आर. अशोक ने पुलिस को निर्देश दिया है कि वह हर हाल में पूर्वोत्तर के लोगों को आश्वस्त करें कि वे यहां सुरक्षित हैं और उन्हें किसी भी प्रकार के हमले के खिलाफ पूर्ण सुरक्षा दी जाएगी।
पिछले महीने असम में बोडो और मुस्लिमों के बीच हिंसा हुई थी। उसके बाद मुंबई में मुस्लिम संगठनों द्वारा इसके विरोध के प्रदर्शन में हिंसा हुई थी। इस वक्त देश के कई हिस्सों में ऐसी अफवाहें फैल रही हैं कि पूर्वोत्तर के लोगों पर हमले किए जाएंगे। इन्हीं अफवाहों से डरे लोग पूर्वोत्तर के राज्यों में अपने घर लौट रहे हैं। इन अफवाहों के पीछे सोशल साइट्स पर शेयर की जा रही वे तस्वीरें भी हैं, जिनका इस मुद्दे से कोई लेना-देना नहीं है।

No comments: