Wednesday, May 06, 2015

दुनिया को दिशा दिखाने के लिए अपना दायित्व निभाएं-मोहिनी मोहन मिश्र

भुवनेश्वर : वरिष्ठ पत्रकार तथा स्तम्भकार अरुण कुमार पंडा को विश्व संवाद केंद्र ओडिशा की तरफ से नारद सम्मान 2015 से सम्मानित किया गया है। पंडा ने ओडिशा तथा राज्य बाहर के कई जगहों का परिदर्शन कर लोक संस्कृति का अनुध्यान किया है। 
विशेषकर बंडा, जुआंग, कंध, लोधा, कोया, सांथाल, भुया व सउरा आदि के जीवनधारा, उनके अभाव, समस्या को लोगों के सामने रखा।

विश्व संवाद केंद्र की तरफ से हर साल महर्षि नारद के पवित्र जन्म दिवस पर यह सम्मान इसी तरह के व्यक्ति विशेष को दिया जाता है। यह विश्व संवाद केंद्र का यह 13वां नारद सम्मान है। 

इस अवसर पर मुख्य अतिथि राज्य प्रशासनिक न्यायाधिकरण, ओडिशा के पूर्व अध्यक्ष तथा वरिष्ठ लेखक हर प्रसाद दास एवं मुख्य वक्ता भारतीय किसान संघ के राष्ट्रीय  मंत्री मोहिनी मोहन मिश्र ने अरुण पंडा को नारद सम्मान 2015 से सम्मानित किया। 


मोहिनी मोहन मिश्र ने इस अवसर पर कहा कि वर्तमान तकनीकी युग में मानव एंवं पूरा सृष्टिचक्र एक विषम स्थिति की तरफ आगे बढ़ रहा है। ऐसे में नारद जैसे पत्रकार की जरूरत है। उन्होंने पत्रकारों से दुनिया को दिशा दिखाने के लिए अपना दायित्व निभाने को आह्वान किया। उन्होंने कहा कि केवल आतंकवाद ही नहीं बल्कि पृथ्वी पर पर्यावरण को ध्वंस के रास्ते की तरफ ले जा रही जीवन पद्धति के वैकल्पिक दिशा की तरफ इंगित करने का प्रयास भी पत्रकार कर सकते हैं। इस अवसर पर संगठन सचिव निरंजन नायक ने वार्षिक विवरण पाठ किया, जबकि सुमन्त कुमार पंडा ने परिचय दिया और ज्ञानेन्द्र नायक ने मानपत्र का पठन किया। यूनिट-8 सरस्वती शिशु विद्या मंदिर के छात्रों ने देशभक्ति संगीत बंदे मातरम् का गान किया।

No comments: